चर्चित इनवेस्टिगेशन वेबसाइट कोबरा पोस्ट ने दावा किया है कि उसके स्टिंग ऑपरेशन में बॉलीवुड के कई सितारे पैसों के बदले सोशल मीडिया पर पार्टियों का एजेंडा आगे बढ़ाने के लिए तैयार हो गए. इन सितारों में जैकी श्रॉफ, कैलाश खेर, सोनू सूद और विवेक ओबरॉय जैसे चर्चित नाम भी हैं.
वेबसाइट के मुताबिक इस अभियान को ‘ऑपरेशन कराओके’ नाम दिया गया था. कोबरा पोस्ट का कहना है कि उसने अपने संवाददाताओं को एक जनसंपर्क कंपनी के प्रतिनिधि बनाकर इन सितारों के पास भेजा था. संवादताताओं ने लोकसभा चुनावों से पहले कथित तौर पर एक सौदे के लिए उनसे मुलाकात की थी. कोबरा पोस्ट के प्रधान संपादक अनिरुद्ध बहल ने कहा कि इस दौरान 36 हस्तियां चुनाव से पहले कुछ राजनीतिक दलों के लिए अनुकूल माहौल बनाने में मदद के लिए तैयार हो गईं. यह काम उन्हें अपने फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम अकाउंट पर मैसेज पोस्ट करके करना था. कोबरा पोस्ट के अनुसार ज्यादातर मामलों में ये पार्टियां भाजपा और आप थीं, कुछ मामलों में कांग्रेस भी.
अनिरुद्ध बहल के मुताबिक ये सितारे एक डमी कॉन्ट्रैक्ट पर दस्तखत करने के लिए भी तैयार थे. उन्होंने दावा किया कि इनमें से कुछ ने अपना पैन नंबर और बैंकिंग ब्योरा साझा करने पर रजामंदी जताई लेकिन, अधिकतर ने नकदी पर जोर दिया. कोबरा पोस्ट के अनुसार अधिकतर हस्तियों ने प्रति मैसेज दो लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक की रकम मांगी.

No comments:
Post a Comment